आपसी विवाद में धारदार हथियार से हमला, 01 आरोपी एवं 03 विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 01 आरोपी और 03 विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त हथियार जप्त किए गए हैं। साथ ही अमानक चाकू बेचने वाले दुकान संचालक के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

Dec 17, 2025 - 18:18
 0  22
आपसी विवाद में धारदार हथियार से हमला, 01 आरोपी एवं 03 विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

 UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर | पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में एक और अहम सफलता हासिल की है। आपसी विवाद के चलते धारदार हथियार से मारपीट करने के मामले में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 01 आरोपी एवं 03 विधि के साथ संघर्षरत बालकों सहित कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी विकास अवधिया ने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 15 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र प्रखर अवधिया के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की है, जिससे वह घायल होकर डॉ. भीमराव अम्बेडकर (मेकाहारा) अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर प्रखर अवधिया ने बताया कि वह सुबह लगभग 10:30 बजे दुर्गा महाविद्यालय के सामने खड़ा था। उसी दौरान वासु सोनी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने पेचकस, लोहे की स्टीक एवं अन्य धारदार वस्तु से हमला कर उसे चोट पहुंचाई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 269/25 धारा 296, 115(2), 351(2), 118(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने पीड़ित एवं प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए पुलिस ने आरोपी धनराज सोनी उर्फ वासु एवं 03 विधि के साथ संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चाकू, लोहे की स्टीक, पेचकस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जप्त की गई। आगे की जांच में आरोपियों ने बताया कि चाकू गोलबाजार क्षेत्र स्थित एक दुकान से खरीदा गया था। इस जानकारी पर पुलिस ने संबंधित दुकान में दबिश देकर वहां रखे कुल 05 नग अमानक चाकू जप्त किए और दुकान संचालक के विरुद्ध थाना गोलबाजार में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों की बिक्री एवं हिंसक घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।