नकली सोने के बिस्किट बेचकर ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने नकली सोने के बिस्किट को असली बताकर सस्ते दाम में बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली सोने के बिस्किट, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

Jun 11, 2026 - 11:07
 0  2
नकली सोने के बिस्किट बेचकर ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. दुर्ग l दुर्ग जिले की उतई थाना पुलिस ने नकली सोने के बिस्किट को असली बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, एक नकली सिक्का, घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी जितेंद्र साहू निवासी बोरसी की शिकायत पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी लोगों को यह कहानी सुनाते थे कि उन्हें जमीन में गड़ा हुआ खजाना या हंडा मिला है, जिसमें सोने के बिस्किट और सिक्के प्राप्त हुए हैं।

आरोपी इस कथित खजाने में मिले सोने को बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेचने का लालच देकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। इसके बाद नकली धातु को असली सोना बताकर उनसे बड़ी रकम वसूल लेते थे। इस तरह वे लंबे समय से सुनियोजित तरीके से लोगों को धोखा देकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उतई पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, भौतिक साक्ष्य और निगरानी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस टीम ने विभिन्न जिलों में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान बरामद धातु प्रथम दृष्टया नकली पाई गई, जिसका उपयोग लोगों को ठगने के लिए किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार टंडन निवासी गाड़ाडीह, जिला दुर्ग, पन्नालाल कुर्रे निवासी सीपत पिपरिया, जिला कोरबा, गणेशराम गंधर्व निवासी सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम, रामस्वरूप रौतेल निवासी जगतपुर, जिला डिंडोरी (मध्यप्रदेश) तथा भानुप्रताप डहरिया निवासी तारा भाटापारा, जिला दुर्ग शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 किलो 242 ग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, लगभग 6.38 ग्राम वजन का नकली सिक्का, एक वैगनआर कार और कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पन्नालाल कुर्रे के खिलाफ इसी तरह की ठगी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी मिली है। वहीं दिनेश कुमार टंडन के विरुद्ध पूर्व में मारपीट और संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सस्ते दामों में सोना, चांदी या अन्य बहुमूल्य वस्तुएं बेचने का प्रलोभन दे तो बिना सत्यापन कोई लेन-देन न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस का कहना है कि सतर्कता और जागरूकता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।