पोरो कमेली में नए आंगनवाड़ी भवन का उद्घाटन, बच्चों को मिलेगा बेहतर पोषण और शिक्षा का माहौल
दंतेवाड़ा जिले के भांसी क्षेत्र के पोरो कमेली गांव में नए आंगनवाड़ी भवन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नए भवन से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और हितग्राहियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई गई।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l जिले के भांसी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोरो कमेली में नए आंगनवाड़ी भवन का उद्घाटन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। भवन के लोकार्पण के अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए। नए भवन के शुरू होने से क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।
उद्घाटन समारोह में सरपंच मीरा भास्कर ने फीता काटकर नए आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।