दमाऊ नाला व्यपवर्तन क्षेत्र में जन-चौपाल, नहर सुदृढ़ीकरण के लिए 3 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति

कवर्धा में जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत दमाऊ नाला व्यपवर्तन क्षेत्र में जन-चौपाल एवं किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसानों ने बताया कि इस वर्ष नहर के अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी पहुंच रहा है। नहर सुदृढ़ीकरण के लिए 3 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई। किसानों ने नहर की मरम्मत, डिजाइन और पक्कीकरण को लेकर सुझाव भी दिए।

Sep 30, 2026 - 19:57
 0  2
दमाऊ नाला व्यपवर्तन क्षेत्र में जन-चौपाल, नहर सुदृढ़ीकरण के लिए 3 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जल जन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संसाधन विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दमाऊ नाला व्यपवर्तन के नवीन भ्रमण स्थल एवं कमांड क्षेत्र में जन-चौपाल और किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर सिंचाई व्यवस्था, जल संरक्षण और नहर प्रबंधन से जुड़े विषयों पर चर्चा करना रहा।

कार्यक्रम में जल संसाधन उपसंभाग क्रमांक-3, सहसपुर लोहारा के अनुभागीय अधिकारी राहुल पंत और उप अभियंता ओम प्रकाश कुलमित्र मौजूद रहे। जन-चौपाल में ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्राम सचिव, वरिष्ठ नागरिकों और बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।

अंतिम छोर तक पहुंच रहा सिंचाई का पानी

जन-चौपाल के दौरान किसानों से नहर के अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी पहुंचाने, जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान किसानों ने बताया कि इस वर्ष दमाऊ नाला व्यपवर्तन की नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंच रहा है।

किसानों ने इसके लिए गर्मी के मौसम में जल संसाधन विभाग द्वारा वार्षिक मरम्मत के तहत नहर की कराई गई साफ-सफाई को महत्वपूर्ण बताया। किसानों के अनुसार नहर की सफाई के कारण सिंचाई के पानी के प्रवाह में सुविधा हुई है।

नहर सुदृढ़ीकरण के लिए 3 करोड़ की स्वीकृति

कार्यक्रम में किसानों को जानकारी दी गई कि दमाऊ नाला व्यपवर्तन की नहर के सुदृढ़ीकरण के लिए शासन स्तर से 3 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में कार्य की निविदा प्रक्रिया प्रक्रियाधीन बताई गई।

अधिकारियों के अनुसार निविदा प्रक्रिया पूरी होने और खेतों में फसल कटाई के बाद नहर के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक साफ-सफाई का कार्य शुरू किया जाएगा। नहर के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र के निस्तारी तालाबों में भी पानी की उपलब्धता बेहतर होने की संभावना जताई गई।

रबी फसल के लिए बेहतर होगी सिंचाई व्यवस्था

जन-चौपाल के दौरान किसानों ने बताया कि दमाऊ नाला व्यपवर्तन में जनवरी से फरवरी तक पर्याप्त पानी उपलब्ध रहता है। किसानों के अनुसार नहर के सुदृढ़ीकरण से उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। इससे आगामी रबी सीजन में फसलों की सिंचाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

किसानों ने रखे अपने सुझाव

कार्यक्रम में किसानों ने नहर के अलग-अलग स्थानों पर आने वाली समस्याओं की जानकारी अधिकारियों को दी। किसानों ने आवश्यक स्थानों पर नहर के सुदृढ़ीकरण, डिजाइन में सुधार और पक्कीकरण से संबंधित सुझाव भी रखे।

अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं और सुझावों को सुना तथा आवश्यक बिंदुओं को संज्ञान में लिया। जन-चौपाल के माध्यम से जल संसाधन विभाग और किसानों के बीच सिंचाई व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद हुआ।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों से स्थानीय स्तर पर सिंचाई व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करने और जल संरक्षण से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। दमाऊ नाला व्यपवर्तन क्षेत्र में आयोजित जन-चौपाल में नहर प्रबंधन, जल संरक्षण और कृषक हित से जुड़े विषय प्रमुखता से चर्चा में रहे।