ग्राम कोसला की चौपाल में दिखी मुख्यमंत्री की सादगी, ग्रामीणों से सीधे संवाद कर दी कई सौगातें

सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसला का औचक दौरा कर ग्रामीणों से चौपाल में सीधे संवाद किया। पीपल के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने महतारी सदन और हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा भी की।

May 16, 2026 - 18:08
 0  2
ग्राम कोसला की चौपाल में दिखी मुख्यमंत्री की सादगी, ग्रामीणों से सीधे संवाद कर दी कई सौगातें

UNITED NEWS OF ASIA.  सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला दौरा ग्रामीणों के लिए खास और यादगार बन गया। मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचते ही औपचारिकताओं से दूर रहकर पीपल के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। चौपाल में मुख्यमंत्री की सादगी और संवेदनशीलता साफ नजर आई, जिसे देखकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री ने चौपाल में मौजूद ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों से शासन की योजनाओं के बारे में चर्चा की और जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पूछा कि पटवारी नियमित रूप से गांव आते हैं या नहीं। ग्रामीणों द्वारा संतोषजनक जवाब मिलने पर उन्होंने पटवारी शत्रुघन कुर्रे को निर्देशित किया कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए।

ग्राम की महिला सावित्री कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने नियमित सहायता राशि मिल रही है, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसी दौरान गांव की “लखपति दीदी” नीमा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्होंने आटा चक्की व्यवसाय शुरू किया और आज उनके पास पांच आटा चक्कियां संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में ग्राम कोसला में 474 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास प्लस सर्वे के माध्यम से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ मिलेगा।

जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए ग्राम कोसला में “महतारी सदन” निर्माण और हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की। इन घोषणाओं से ग्रामीणों, महिलाओं और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।