वनांचल क्षेत्र को मिली शिक्षा की नई सौगात, विधायक भावना बोहरा ने 100 सीटर बालक छात्रावास का किया भूमिपूजन
पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम कोदवागोड़ान में विधायक भावना बोहरा ने पीएम जनमन योजना के तहत 2.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास का भूमिपूजन किया। छात्रावास निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में शिक्षा और अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वनांचल ग्राम कोदवागोड़ान में विधायक भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत 2 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर आधारशिला रखी। इस छात्रावास के निर्माण से दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को लंबे समय से विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। दूर-दराज के गांवों से बच्चों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की हानि होती थी। छात्रावास निर्माण के बाद विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास, अध्ययन की बेहतर सुविधा और अनुकूल माहौल मिलेगा, जिससे वे अपनी पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत माध्यम है और विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करना है। छात्रावास बनने से विशेष रूप से जरूरतमंद और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा तथा शिक्षा के प्रति उनका रुझान और बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पीएम जनमन योजना के माध्यम से वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। आज इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवार मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं और उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 171 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों, चार उच्चस्तरीय पुल, दस पुलियों, 3500 प्रधानमंत्री आवास, जल संसाधन योजनाओं और नल जल योजनाओं की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा कुई-कुकदुर महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए आगामी सत्र से निःशुल्क बस सेवा भी शुरू की जाएगी, ताकि बेटियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब का संचालन किया जा रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी भवन निर्माण और विद्युतविहीन गांवों तक बिजली पहुंचाने जैसे कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने छात्रावास निर्माण को वनांचल क्षेत्र के बच्चों के भविष्य के लिए बड़ी सौगात बताया।