वट सावित्री पूजन पर कवर्धा में विशेष व्यवस्था, नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बांटा शरबत

वट सावित्री पूजन के अवसर पर कवर्धा नगर पालिका द्वारा महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने विभिन्न पूजा स्थलों का निरीक्षण कर माताओं-बहनों को शुभकामनाएं दीं और शरबत वितरण किया।

May 16, 2026 - 17:59
 0  2
वट सावित्री पूजन पर कवर्धा में विशेष व्यवस्था, नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बांटा शरबत

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा नगर में वट सावित्री पूजन का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। माताओं एवं बहनों के इस विशेष पर्व को लेकर नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के विभिन्न वट पूजा स्थलों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में पूजा स्थलों पर टेंट, कुर्सी, साफ-सफाई और शरबत वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे श्रद्धालु महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

वट सावित्री पूजन के अवसर पर नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी स्वयं वार्ड पार्षदों और अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को वट सावित्री व्रत की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूजा स्थलों पर श्रद्धालु महिलाओं को शरबत भी वितरित किया गया।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा बूढ़ामहादेव मंदिर, कुम्हार पारा शिवालय, माँ काली मंदिर कैलाश नगर, आदर्श नगर शिव मंदिर, कलेक्टर कॉलोनी शिव मंदिर, विद्या नगर मंच, ठाकुर देव चौक, छीरपानी कॉलोनी, दर्री पारा तालाब, विंध्यासिनी वार्ड, जमात मंदिर और लोहारा रोड स्थित शनि मंदिर सहित कई स्थानों पर विशेष इंतजाम किए गए थे। इन सभी स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट और बैठने की व्यवस्था की गई थी।

नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि वट सावित्री पूजन महिलाओं की आस्था और परिवार के सुख-समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे अवसरों पर नगर पालिका की जिम्मेदारी बनती है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का प्रयास रहा कि पूजा स्थलों पर साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध रहें।

सुबह से ही नगर पालिका की टीम पूजा स्थलों पर सक्रिय नजर आई। सफाई कर्मचारियों ने पूजा स्थलों की विशेष सफाई की, वहीं अन्य कर्मचारियों ने टेंट और कुर्सियों की व्यवस्था संभाली। श्रद्धालु महिलाओं ने भी नगर पालिका द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि इस बार पूजा स्थलों पर बेहतर सुविधाएं मिलने से उन्हें काफी राहत मिली।

पूरे शहर में वट सावित्री पर्व को लेकर धार्मिक वातावरण देखने को मिला। महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और पति की लंबी आयु की कामना की। पारंपरिक वेशभूषा में पूजा करने पहुंचीं महिलाओं में खास उत्साह दिखाई दिया।

नगर पालिका द्वारा किए गए इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहयोग और जनसुविधा का भी संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगर पालिका इसी तरह धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सहयोग करती रहेगी।