धनगांव में 29-30 सितंबर को स्वर्ण जयंती समारोह, राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता का आयोजन
बेमेतरा जिले के ग्राम धनगांव में रामधुनी की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर 29 और 30 सितंबर को दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह एवं राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए अब तक 110 रामधुनी एवं भजन मंडलियों का पंजीयन हुआ है। 30 सितंबर को समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। आयोजन के दौरान वर्ष 2001 से 2024 तक नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए 1399 जवानों को सनातन परंपरा के अनुसार तर्पण और श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l जिले के ग्राम धनगांव में रामधुनी की गौरवमयी 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर 29 और 30 सितंबर को दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह एवं राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से रामधुनी और भजन मंडलियां धनगांव पहुंचेंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अब तक 110 रामधुनी एवं भजन मंडलियों का पंजीयन हो चुका है।
समारोह का शुभारंभ 29 सितंबर को छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर संत राजीव लोचन दास के सानिध्य में होगा। वहीं 30 सितंबर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में कौशल्या देवी साय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
आयोजन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू और भावना बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
रामधुनी मंडलियों को मिलेंगे पुरस्कार
राज्य स्तरीय रामधुनी प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाली मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1,00,001 रुपये, द्वितीय 51,000 रुपये, तृतीय 31,000 रुपये, चतुर्थ 21,000 रुपये और पंचम पुरस्कार 11,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी टोलियों को 3,100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिए जाने की जानकारी दी गई है।
1399 शहीद जवानों का होगा तर्पण
दो दिवसीय आयोजन के दौरान वर्ष 2001 से 2024 तक छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान शहीद हुए 1399 जवानों को पितृपक्ष में सनातन परंपरा के अनुसार तर्पण और श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम शहीद जवानों को सम्मान और श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
बाहर से आने वाली प्रतिभागी मंडलियों के लिए आयोजन समिति की ओर से निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं समापन अवसर पर समरसता भोज का आयोजन भी किया जाएगा।
ग्राम धनगांव की सरपंच मोनिका गजानंद साहू एवं आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और रामभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने की अपील की है।