बालको की सुरक्षा प्रणाली बनी मिसाल: लगातार दूसरे वर्ष ‘जीरो दुर्घटना’ और ‘जीरो चोरी’ का रिकॉर्ड
बालको ने वित्तीय वर्ष 2026 में लगातार दूसरे वर्ष ‘जीरो दुर्घटना’ और ‘जीरो चोरी’ का रिकॉर्ड बनाते हुए सुरक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। तकनीक, सामुदायिक सहभागिता और अनुशासित प्रणाली के जरिए यह उपलब्धि हासिल की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, बालकोनगर | वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। वित्तीय वर्ष 2026 में लगातार दूसरे वर्ष ‘जीरो सुरक्षा दुर्घटना’ और ‘जीरो चोरी’ की उपलब्धि हासिल कर बालको ने अपने सुदृढ़ सुरक्षा ढांचे और अनुशासित कार्यप्रणाली को साबित किया है।
इस उपलब्धि के पीछे सुरक्षा टीम के समर्पण और प्रतिबद्धता को सम्मानित करने के लिए कंपनी द्वारा ‘बड़ा खाना 2026’ के तीसरे संस्करण का आयोजन किया गया, जिसमें 200 से अधिक कर्मचारी, व्यावसायिक साझेदार और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
वित्तीय वर्ष 2026 के दौरान बालको ने कुल घटनाओं में लगभग 15 प्रतिशत की कमी दर्ज की और बिना किसी संचालन बाधा के सफल रिकवरी सुनिश्चित की। यह सफलता तकनीक-सक्षम निगरानी, डेटा-आधारित विश्लेषण और अनुशासित क्रियान्वयन के समन्वय से संभव हुई।
इस दौरान 55 लाख से अधिक कर्मचारियों एवं साझेदारों की आवाजाही और 1.25 लाख से अधिक वाहनों की गतिविधियों पर उन्नत सर्विलांस सिस्टम और जीपीएस ट्रैकिंग के माध्यम से निगरानी रखी गई। साथ ही 1500 से अधिक ‘सुरक्षा मित्रों’ से प्राप्त रियल-टाइम जानकारी के आधार पर लगभग 37 प्रतिशत संभावित घटनाओं को पहले ही रोक दिया गया।
बालको के सीईओ Rajesh Kumar Singh ने कहा कि “जीरो हानि और उत्कृष्टता केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि हमारी कार्यशैली का हिस्सा है। तकनीक, मजबूत प्रक्रियाओं और साझा जिम्मेदारी के साथ हम सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर परिणाम हासिल कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें सीएसओसी टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा जागरूकता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति शामिल थी। इस दौरान विभिन्न व्यक्तियों और टीमों को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बालको ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्वचालित निगरानी और सख्त अनुपालन तंत्र लागू किए हैं। फायर एवं रेस्क्यू टीमों ने जिला प्रशासन के सहयोग से मॉक ड्रिल आयोजित की, वहीं 5500 से अधिक लोगों को अग्नि सुरक्षा, सीपीआर और आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
कंपनी की सुरक्षा प्रणाली में 1600 से अधिक एआई आधारित कैमरे, 59 वाहनों की जीपीएस निगरानी, क्यूआर कोड आधारित पेट्रोलिंग और त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) शामिल है। इसके साथ ही 14 प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड, 100% बायोमेट्रिक एक्सेस कंट्रोल और एकीकृत संचार प्रणाली इसे और मजबूत बनाते हैं।
विशेष बात यह है कि बालको का सेंट्रल सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर (CSOC) पूरी तरह महिला संचालित है, जिसमें 11 ट्रांसजेंडर कर्मियों की भागीदारी भी शामिल है, जो समावेशी और आधुनिक सुरक्षा मॉडल का उदाहरण है।
बालको भविष्य में सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने, नई तकनीकों को अपनाने और जोखिम पहचान क्षमता को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि एक सुरक्षित और भविष्य-तैयार औद्योगिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।