आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान, पोर्टेबिलिटी क्लेम्स के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पोर्टेबिलिटी क्लेम्स के समयबद्ध निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। नई दिल्ली में आयोजित आरोग्य मंथन 2026 में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राज्य को सम्मानित किया।

Sep 26, 2026 - 09:40
 0  4
आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान, पोर्टेबिलिटी क्लेम्स के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। पोर्टेबिलिटी क्लेम्स के समयबद्ध और प्रभावी निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है।

भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के आठ वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में “आरोग्य मंथन 2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ को पोर्टेबिलिटी क्लेम्स के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। राज्य की ओर से आयुष्मान भारत योजना के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र गहवई ने पुरस्कार ग्रहण किया।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक कठिनाई के कारण कोई पात्र नागरिक उपचार से वंचित न हो। बीमारी के समय परिवारों को उपचार के साथ आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना की पोर्टेबिलिटी सुविधा उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्हें रोजगार, कामकाज या अन्य कारणों से दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। इस सुविधा के जरिए पात्र हितग्राही देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में योजना से संबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार प्राप्त कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ के हितग्राहियों को दूसरे राज्यों में उपचार लेने के दौरान योजना का लाभ सहजता से मिले और उनके क्लेम का समय पर निराकरण हो, इसके लिए राज्य में क्लेम प्रोसेसिंग, तकनीकी निगरानी और अस्पतालों के साथ समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सम्मान को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, चिकित्सकों, अस्पतालों और योजना से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के लिए उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्रदेश के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। साथ ही क्लेम प्रोसेसिंग की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के अनुसार 30 जून 2026 तक देशभर में पोर्टेबिलिटी सुविधा के तहत 29.05 लाख अंतर-राज्यीय अस्पताल प्रवेश अधिकृत किए गए हैं। इनसे संबंधित अधिकृत राशि 8,383.97 करोड़ रुपये से अधिक है। पोर्टेबिलिटी सुविधा प्रवासी श्रमिकों, दूसरे राज्यों में रोजगार करने वाले नागरिकों और बाहर उपचार की जरूरत वाले परिवारों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।

आरोग्य मंथन 2026 में डिजिटल तकनीक के जरिए क्लेम प्रोसेसिंग को मजबूत करने, डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को बेहतर बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।