उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिली विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियो आकांक्षा सत्यवंशी, दी शुभकामनाएं और किया सम्मानित

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। कवर्धा की बेटी आकांक्षा ने विश्व कप विजेता टीम में अपनी सेवाओं से प्रदेश का नाम रोशन किया। उपमुख्यमंत्री ने उन्हें बस्तर ओलंपिक में शामिल होने का आमंत्रण दिया और कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की महिलाओं के लिए प्रेरणा है।

Nov 11, 2025 - 16:28
 0  21
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिली विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियो आकांक्षा सत्यवंशी, दी शुभकामनाएं और किया सम्मानित

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज अपने निवास में विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट  आकांक्षा सत्यवंशी से आत्मीय भेंट की। कवर्धा की बेटी आकांक्षा के योगदान को सराहते हुए उन्होंने कहा कि “विश्व विजेता टीम में आपके योगदान से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।” इस अवसर पर उन्होंने आकांक्षा को शौर्य के प्रतीक के रूप में गदा भेंट कर सम्मानित किया।

 

आकांक्षा सत्यवंशी ने बताया कि वे हनुमान जी की भक्त हैं और विश्व कप फाइनल मैच में खिलाड़ियों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया था। मैच के दौरान साथी खिलाड़ी ने उन्हें गदा थमाते हुए कहा था कि इसे अंत तक हाथ में रखें — और हनुमान जी की कृपा से भारत विजेता बना।

 

आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने एम्स रायपुर की नौकरी का अवसर छोड़कर महिला क्रिकेट टीम की फिजियो बनने का निर्णय लिया था। रायपुर मेडिकल कॉलेज से फिजियोथेरेपी में स्नातक और कटक से स्नातकोत्तर करने के बाद वे कई न्यूरो सर्जन्स के साथ कार्य कर चुकी थीं। एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उनकी खेल यात्रा की शुरुआत हुई जब उन्हें छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम से जुड़ने का ऑफर मिला। उनकी मेहनत और समर्पण के कारण बीसीसीआई ने उन्हें भारतीय महिला सीनियर टीम में शामिल किया।

 

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि “आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं — चाहे खेल का मैदान हो या प्रशासन। शासन ने भी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है।” उन्होंने आकांक्षा को आगामी बस्तर ओलंपिक में शामिल होकर प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने का आमंत्रण दिया।

श्री शर्मा ने कहा कि “बस्तर के युवा आनुवांशिक रूप से खेलों के लिए उपयुक्त हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर ओलंपिक के माध्यम से प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाया जाए।”

भेंट के दौरान आकांक्षा ने उपमुख्यमंत्री को स्वास्थ्य और आहार से जुड़े सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़िया साग हमारी पहचान है, इसे रोज़मर्रा के भोजन में शामिल करना चाहिए।”

कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री ने आकांक्षा और उनके परिवार को स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।