यह एडवाइजरी पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जारी की गई है। पंपलेट के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि होली खुशी, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही, हुड़दंग या अव्यवस्थित गतिविधियों से बचना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
जारी की गई एडवाइजरी में नागरिकों से विशेष रूप से आग्रह किया गया है कि वे केवल प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का ही उपयोग करें। बिना किसी की सहमति के किसी पर रंग न डालें और सभी की भावनाओं का सम्मान करें। महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार न करने की सख्त अपील की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि पशु-पक्षियों पर रंग न डालें, जिससे उन्हें किसी प्रकार की शारीरिक हानि न पहुंचे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नशे की हालत में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही तीन सवारी वाहन चलाने पर भी रोक लगाने की बात कही गई है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में नागरिक सतर्क रहें और जेबकतरी जैसी घटनाओं से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने का भी विशेष संदेश दिया गया है।
कोरबा पुलिस द्वारा यह भी बताया गया है कि जिले में होली पर्व के दौरान दिनांक 02, 03, 04 एवं 05 मार्च को विशेष पुलिस निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सहायता के लिए कोरबा पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 9479193399 तथा डायल 112 जारी किया गया है, ताकि किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
कोरबा पुलिस ने अंत में नागरिकों से अपील की है कि वे “सुरक्षित होली, जिम्मेदार होली” का संदेश अपनाते हुए पर्व मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग से ही जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।