बैठक में प्रमुख रूप से कमलजीत पाटले (एसडीओपी), प्रहलाद कुमार साहू (थाना प्रभारी) तथा महेश कश्यप (तहसीलदार) उपस्थित रहे। इनके साथ नगर के जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए कि होलिका दहन रात्रि 11 बजे तक ही किया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार का मुखौटा लगाकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमने से परहेज करने की अपील की गई। स्कूली विद्यार्थियों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तेज आवाज में साउंड सिस्टम न चलाने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें न लगाएं, जिससे यातायात बाधित न हो और दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में यह भी कहा गया कि नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
एसडीओपी कमलजीत पाटले ने जानकारी दी कि होली पर्व के दौरान नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि हुड़दंग करने वालों, असामाजिक तत्वों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। तीन-चार सवारी बैठाकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और नगर में शांति का माहौल बना रहे।
तहसीलदार महेश कश्यप ने नागरिकों से शांति, संयम और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी लोग जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
वहीं थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू ने व्यापारियों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे सड़क किनारे दुकानें न लगाएं, जिससे यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम रहे।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं नगर के नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने नगरवासियों से सुरक्षित, संयमित, प्रेमपूर्वक, सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाने की अपील की। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि नागरिकों के सहयोग से बचेली में होली का त्योहार शांतिपूर्वक और उल्लास के साथ संपन्न होगा।