यह अभियान भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर 7 से 12 अप्रैल तक चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। श्री देव ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं का समग्र विकास है और यही इस अभियान का मूल उद्देश्य भी है।
कार्यक्रम के दौरान देव ने ग्राम जामावाड़ा में कुल 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़कों का भूमिपूजन किया। इसमें कासरीपारा में 300 मीटर सड़क निर्माण (9.50 लाख रुपये) और भदरागुड़ा में 300 मीटर सड़क निर्माण (9.50 लाख रुपये) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने गांव का सघन भ्रमण कर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से उनके घर जाकर चर्चा की। साथ ही महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी ली। श्री देव ने ग्रामीण कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि जामावाड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 140 परिवारों को स्वीकृति मिली है, जबकि पेंशन योजना के अंतर्गत 225 लोगों को लाभ मिल रहा है। इसके अलावा 31 भूमिहीन कृषि मजदूर, 465 उज्ज्वला गैस कनेक्शन और 242 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त हो रहा है।
अपने संबोधन में देव ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे व्यापक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए बनाई गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना, पेंशन योजना और पीएम सूर्य घर योजना जैसी योजनाओं को ग्रामीण विकास का आधार बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है और लगभग 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना से जोड़ा गया है। क्षेत्र में सड़क, नाली, पुलिया, पेयजल, बिजली, शिक्षा और देवगुड़ी उन्नयन जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
इस मौके पर मंडल प्रभारी सुब्रतो विश्वास और मंडल अध्यक्ष हरिराम मंडावी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अभियान के तहत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर नागरिकों से सुझाव भी लिए जा रहे हैं, जिससे भविष्य की योजनाओं को और अधिक जनोन्मुखी बनाया जा सके।