बालोद में 72 किलो से अधिक गांजा जब्त, डौण्डीलोहारा पुलिस ने 5 तस्करों को दबोचा

बालोद जिले में डौण्डीलोहारा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में 72.621 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। मामले में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 40.52 लाख रुपये मूल्य का गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

Jun 10, 2026 - 14:55
 0  3
बालोद में 72 किलो से अधिक गांजा जब्त, डौण्डीलोहारा पुलिस ने 5 तस्करों को दबोचा

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डौण्डीलोहारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना डौण्डीलोहारा पुलिस और साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 72.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 40 लाख 52 हजार 50 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा से गांजा की बड़ी खेप मोटरसाइकिलों के माध्यम से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना में बताया गया था कि चार मोटरसाइकिलों पर सवार तस्कर अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर रहे हैं। कुछ आरोपी आगे और पीछे चलकर रास्ते की निगरानी कर रहे थे, जबकि बीच में चल रही मोटरसाइकिलों में विशेष रूप से तैयार किए गए लोहे के कैरियर पर बड़े प्लास्टिक टब रखकर गांजा छिपाया गया था।

सूचना मिलते ही डौण्डीलोहारा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने ग्राम भेड़ी तिराहा स्थित डौण्डीलोहारा-बलोद मार्ग पर नाकाबंदी कर घेराबंदी की। कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध मोटरसाइकिलें वहां पहुंचीं। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, जिसमें दो मोटरसाइकिलों पर रखे बड़े काले प्लास्टिक टबों के भीतर छिपाकर रखे गए गांजा के पैकेट बरामद हुए।

मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 72.621 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 लाख 31 हजार 50 रुपये मूल्य का गांजा, चार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 40 लाख 52 हजार 50 रुपये बताई गई है।

मामले में थाना डौण्डीलोहारा में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में श्याम गोड़ (26 वर्ष) निवासी टपराटोला जिला रायसेन, पवन गोड़ (26 वर्ष) निवासी राहतगढ़ जिला सागर, प्रदीप चौहान (20 वर्ष) निवासी टपरापठारी जिला रायसेन और संजय कुमावत (20 वर्ष) निवासी टपरापठारी जिला रायसेन शामिल हैं। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी प्रकरण में शामिल पाया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और उप पुलिस अधीक्षक बोनी फॉस एक्का के निर्देशन में की गई। अभियान में थाना प्रभारी सुनील तिर्की, थाना स्टाफ और साइबर सेल बालोद की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।