कबीरधाम में अटल आवास पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सुबह-सुबह छापेमारी

कबीरधाम जिले के घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास में पुलिस ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी की गई। पुलिस को यहां नशे के कारोबार, अनैतिक गतिविधियों और संदिग्ध लोगों के ठहरने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

Jun 10, 2026 - 14:01
 0  7
कबीरधाम में अटल आवास पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सुबह-सुबह छापेमारी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास परिसर में छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

पुलिस को लंबे समय से अटल आवास परिसर में संदिग्ध लोगों के अवैध रूप से रहने, अनैतिक गतिविधियों के संचालन और नशीले पदार्थों के कारोबार की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक साथ कई मकानों में दबिश देकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान कुछ कमरों में संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की आशंका जताई गई। पुलिस की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही कुछ युवतियां मौके से निकलने में सफल रहीं। वहीं तलाशी के दौरान कुछ मकानों से आपत्तिजनक सामग्री, शराब और नशीले पदार्थ मिलने की भी सूचना सामने आई है। हालांकि बरामद सामग्री की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

पुलिस टीम ने परिसर में मौजूद कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पूरे अटल आवास क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी रखा गया है। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल के आसपास एकत्र हो गए।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अटल आवास परिसर को लेकर पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में नशे के कारोबार, अनैतिक गतिविधियों के संचालन और बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों के यहां ठहरने की जानकारी शामिल थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कई घरों की तलाशी ली गई है और कुछ संदिग्ध सामग्री मिलने की जानकारी प्राप्त हुई है। फिलहाल जब्त सामग्री का परीक्षण किया जा रहा है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है जहां से समाज विरोधी गतिविधियों के संचालन की शिकायतें मिलती हैं। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है।

कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध कारोबार की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।