भिलाई में 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण, 500 नागरिकों ने सुने पीएम मोदी के प्रेरणादायी विचार
भिलाई में भाजपा के तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के तत्वावधान में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण आयोजित किया गया। वार्ड क्रमांक-18 के बूथ क्रमांक-94 स्थित श्री शिव मंदिर परिसर, कॉन्ट्रैक्ट कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला प्रभारी रामजी भारती और जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वार्ड-17 के पार्षद एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विधायक रिंकेश सेन, प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिरीष अग्रवाल, बृजेश बिचपुरी, निहारिका मिश्रा, पूर्व महापौर निर्मला यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
'मन की बात' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अनावश्यक रूप से सोने की खरीद से बचने, पुराने आभूषणों की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने तथा विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में जागरूकता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों की बचत के लिए वाहनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने और अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने की भी अपील की।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि कम प्रीमियम में करोड़ों परिवारों तक सुरक्षा कवच पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, प्रकृति संरक्षण और 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुरक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। आयोजन का समापन राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प के साथ किया गया।