वनांचल के छुहीनाला और चोरभट्ठी में विकास कार्यों की सौगात, सांसद संतोष पांडेय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के वनांचल ग्राम छुहीनाला और चोरभट्ठी में सांसद संतोष पांडेय ने आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण तथा प्राथमिक शाला और अटल डिजिटल केंद्र भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।

Jun 28, 2026 - 18:03
 0  2
वनांचल के छुहीनाला और चोरभट्ठी में विकास कार्यों की सौगात, सांसद संतोष पांडेय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के वनांचल ग्राम छुहीनाला और चोरभट्ठी में क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम छुहीनाला में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवन का लोकार्पण किया, जबकि ग्राम चोरभट्ठी में शासकीय प्राथमिक शाला भवन एवं अटल डिजिटल केंद्र भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि नया आंगनबाड़ी भवन क्षेत्र के बच्चों के बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि चोरभट्ठी में बनने वाला नया प्राथमिक शाला भवन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जबकि अटल डिजिटल केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं, सूचना एवं तकनीकी सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का लाभ गांवों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

सांसद पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल अधोसंरचना का निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना भी है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार वैष्णव, जयराम साहू, विदेशीराम धुर्वे, राजकुमार मेरावी, रामकिंकर वर्मा, कांशीराम उइके, विकास पांडेय, नरेश चंद्रवंशी, नरेश साहू, राजेश साहू, अमित वर्मा, टेकराम चंद्रवंशी, हुतेंद्र चंद्रवंशी, मनोज नायक, सुनील मानिकपुरी, सरपंच सुकलाल मेरावी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में नए विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि इन परियोजनाओं से शिक्षा, डिजिटल सेवाओं और बच्चों के विकास को नई गति मिलेगी।