रतनपुर के अकलतरी में युवक की हत्या, दो आरोपी हिरासत में
बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र के अकलतरी गांव में 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के बाद दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने गाली-गलौज से नाराज होकर वारदात करने की बात कही है।
UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अकलतरी में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे की हालत में थे और मृतक के साथ हुए विवाद के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35) के रूप में हुई है, जो अकलतरी के नीम चौक का निवासी था। बताया जा रहा है कि उसकी हत्या उसके ही घर की छत पर की गई। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके का निरीक्षण करने पर पुलिस को मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले। घटनास्थल से एक ईंट और धारदार हंसिया भी बरामद किया गया है, जिन्हें हत्या में प्रयुक्त किए जाने की आशंका है। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
मामले में पुलिस ने गांव के ही दो युवकों अमित कुमार सोनवानी (19) और सुधीर सोनवानी (26) को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने हमला कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में थे, इसलिए विस्तृत पूछताछ उनके होश में आने के बाद की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के वास्तविक कारणों और वारदात के क्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अकलतरी गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
रतनपुर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और चोटों की प्रकृति को लेकर और अधिक जानकारी सामने आने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।