108 एम्बुलेंस सेवा के पूर्व कर्मचारियों का गंभीर आरोप, फाइनल सेटलमेंट और ग्रेच्युटी भुगतान नहीं होने की शिकायत
एमसीबी जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा के पूर्व कर्मचारियों ने पूर्व नियोक्ता कंपनी पर फाइनल सेटलमेंट, ग्रेच्युटी और अन्य देय राशि का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। मामले में चिरमिरी थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. हेमंत कुमार, एमसीबी l मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े पूर्व कर्मचारियों ने अपनी पूर्व नियोक्ता कंपनी पर फाइनल सेटलमेंट, ग्रेच्युटी और अन्य देय भुगतान नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर चिरमिरी थाना पुलिस ने गैर-संज्ञेय अपराध (एनसीआर) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार जायसवाल सहित लगभग 20 से अधिक कर्मचारियों ने जय अम्बे इमरजेंसी सर्विसेज (आई) प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से 108 एम्बुलेंस सेवा में 1 दिसंबर 2019 से 30 मार्च 2026 तक विभिन्न पदों पर कार्य किया था। मार्च 2026 में कंपनी का अनुबंध समाप्त होने के बाद कर्मचारियों को सेवा से मुक्त कर दिया गया।
पूर्व कर्मचारियों का आरोप है कि सेवा समाप्ति के समय कंपनी द्वारा जारी किए गए रिलीविंग लेटर में यह उल्लेख किया गया कि सभी कर्मचारियों का फाइनल सेटलमेंट, ग्रेच्युटी और अन्य देय भुगतान कर दिया गया है। हालांकि कर्मचारियों का दावा है कि वास्तविकता इससे अलग है और उनके बैंक खातों में आज तक किसी प्रकार की फाइनल सेटलमेंट या ग्रेच्युटी राशि जमा नहीं हुई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कंपनी के मानव संसाधन (एचआर) विभाग से कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कर्मचारियों के अनुसार लगातार प्रयासों के बावजूद भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई और न ही बकाया राशि उपलब्ध कराई गई।
पूर्व कर्मचारियों ने बताया कि भुगतान लंबित रहने के कारण वे आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई कर्मचारियों के परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है और उन्हें दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सेवा अवधि पूरी करने के बावजूद उन्हें उनके वैधानिक अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है।
शिकायत में कंपनी के एचआर विभाग से जुड़े रंजन, अनिश कुरियन और सैय्यद अली के नामों का उल्लेख किया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि भुगतान संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए उन्होंने इन अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मुख्य शिकायतकर्ताओं में मुकेश कुमार जायसवाल, इमरान खान, मोहम्मद जाकिर, विनीत यादव और शिव यादव सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सभी ने सामूहिक रूप से चिरमिरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की है।
चिरमिरी थाना पुलिस ने कर्मचारियों की शिकायत पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 174 के तहत गैर-संज्ञेय अपराध सूचना रिपोर्ट (एनसीआर क्रमांक 0107/2026) दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मामले में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं पुलिस ने शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए न्यायालय की शरण लेने की सलाह भी दी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।