छत्तीसगढ़ का बजट भाजपा सरकार द्वारा अन्त्योदय के संकल्प से सिद्धि की यात्रा को नई गति देगा : भावना बोहरा
माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट “समृद्ध किसान, सशक्त युवा, सुरक्षित महिला और विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा : भावना बोहरा
छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा को एक नई दिशा एवं गति देने वाला बजट : भावना बोहरा
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | छत्तीसगढ़ विधानसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ऐतिहासिक एवं जनहितैषी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि 1,72,000 करोड़ रुपये का यह अनुमानित बजट प्रदेश की 3 करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।
भावना बोहरा ने कहा कि बजट का मूल उद्देश्य ‘SANKALP’ – समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, लाइवलीहुड और पॉलिसी से परिणाम तक – पर आधारित है। इस बजट में किसान, युवा, महिला, श्रमिक, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों को केंद्र में रखकर व्यापक प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा के लिए ₹22,360 करोड़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास हेतु ₹16,560 करोड़, कृषि एवं किसान कल्याण के लिए ₹13,507 करोड़ तथा महिला एवं बाल विकास के लिए ₹11,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। महतारी वंदन योजना के लिए ₹8,200 करोड़ तथा सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण योजना के लिए ₹2,320 करोड़ का प्रावधान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पंडरिया विधानसभा को मिली सौगातों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कुण्डा पीएचसी का सीएचसी में उन्नयन, नालंदा लाइब्रेरी परिसर, शासकीय महाविद्यालय कुण्डा एवं कुई-कुकदुर के नए भवन, 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण तथा सुतियापाट जलाशय विस्तार जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिससे 54 गांवों को पेयजल और सिंचाई सुविधा मिलेगी।
भावना बोहरा ने कहा कि युवाओं के लिए स्टार्टअप, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष प्रावधान किए गए हैं। 23 नए उद्योगों की स्थापना, ई-वाहन सब्सिडी, 15 नए थाने, 200 बिस्तर का अस्पताल तथा विभिन्न मिशनों – मुख्यमंत्री एआई मिशन, पर्यटन विकास मिशन, खेल उत्कर्ष मिशन, अधोसंरचना मिशन और स्टार्टअप व निपुण मिशन – के लिए 100-100 करोड़ रुपये का प्रावधान विकास को नई दिशा देगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट सामाजिक न्याय, सुशासन और पारदर्शिता पर आधारित है तथा दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने का स्पष्ट विजन प्रस्तुत करता है। “समृद्ध किसान, सशक्त युवा, सुरक्षित महिला और विकसित छत्तीसगढ़” का संकल्प इस बजट के माध्यम से और अधिक मजबूत होगा।