भाजपा बजट में फिर ठगे गए प्रदेशवासी और बेरोजगार युवा : चोवाराम साहू
कवर्धा में कांग्रेस युवा नेता चोवाराम साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट 2026-27 को छलावा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी भत्ता और डोंगरगढ़–कवर्धा–उस्लापुर रेल लाइन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों की अनदेखी की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। पूर्व मंडी उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के युवा नेता चोवाराम साहू ने भाजपा सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे प्रदेशवासियों और बेरोजगार युवाओं के साथ छलावा बताया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने हर बार की तरह इस बार भी युवाओं की उम्मीदों को तोड़ा है। चोवाराम साहू के अनुसार डोंगरगढ़–कवर्धा होते हुए उस्लापुर रेल लाइन परियोजना को बजट में प्राथमिकता नहीं दी गई, जिससे क्षेत्र के विकास की संभावनाओं को झटका लगा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार बेरोजगारों के लिए बेरोजगारी भत्ता योजना जारी रखने की बात तो करती है, लेकिन बजट में इसके लिए स्पष्ट प्रावधान या ठोस घोषणा दिखाई नहीं देती। इससे प्रदेश के बेरोजगार युवाओं में निराशा का माहौल है।
चोवाराम साहू ने कहा कि बजट में जमीनी स्तर पर युवाओं और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की स्पष्ट रणनीति का अभाव है। उनके अनुसार कुल मिलाकर यह बजट केवल बड़े दावों और घोषणाओं तक सीमित है, जबकि आम जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिली है।