बैगा बाहुल्य वनांचल क्षेत्र पहुंचे विजय शर्मा, 92.50 लाख के विकास कार्यों की सौगात
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के सुदूर बैगा बाहुल्य वनांचल क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया, उनके साथ भोजन किया और विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 92.50 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल और बैगा बाहुल्य क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने बैगा परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए और विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं आश्रित गांवों के लिए 92.50 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
दौरे के दौरान विजय शर्मा ग्राम पंचायत केसमर्दा, दलदली, भुरसीपकरी, पीपरखुंटा और चेंदरादादर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझा और स्थानीय मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, देवगुड़ी, आंगनबाड़ी भवन, स्कूल परिसर विकास तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की घोषणा की गई।
ग्राम पंचायत केसमर्दा में हैंडपंप स्थापना, सीसी रोड निर्माण, किचन शेड और देवगुड़ी भवन निर्माण की घोषणा की गई। इसके अलावा बोदई और गभोड़ा गांवों में भी सीसी रोड और देवगुड़ी निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई। दलदली पंचायत में हैंडपंप, पाइप पुलिया और सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई।
भुरसीपकरी पंचायत में विद्यालय भवन, आहाता निर्माण, कुआं निर्माण, सांस्कृतिक मंच तथा नवीन आंगनबाड़ी भवन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं सलगी, बनगोरा और अन्य आश्रित गांवों में देवगुड़ी और सीसी रोड निर्माण की घोषणाएं की गईं।
पीपरखुंटा पंचायत में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, हैंडपंप और देवगुड़ी निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए। इसके अलावा कई दूरस्थ बस्तियों तक विद्युत सुविधा पहुंचाने और सार्वजनिक कुओं के निर्माण की भी घोषणा की गई। चेंदरादादर पंचायत में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, हैंडपंप, नवीन आंगनबाड़ी भवन और स्कूल बाउंड्रीवाल निर्माण जैसे विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।
दौरे का सबसे विशेष पहलू यह रहा कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैगा परिवारों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसंपर्क कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विशेष रूप से वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से पीछे न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की समस्याओं को समझकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का माध्यम भी है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की घोषणाओं पर खुशी जताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।