सहसपुर लोहारा के ग्रामीण अंचलों में पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विकास कार्यों की घोषणाओं के साथ सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं, विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं और बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।

Jul 26, 2026 - 11:33
 0  5
सहसपुर लोहारा के ग्रामीण अंचलों में पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विकास कार्यों की घोषणाओं के साथ सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार देर शाम कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सिंघनपुरी जंगल, कुम्हारी, खोलवा और टाटावाही सहित कई गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं, उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और क्षेत्र के विकास के लिए कई नई घोषणाएं कीं।

दौरे के दौरान विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ग्राम पंचायत सिंघनपुरी जंगल में उप मुख्यमंत्री ने शीतला मंदिर परिसर के पास मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपए तथा बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं आश्रित ग्राम कुम्हारी में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

दौरे के दौरान एक भावनात्मक दृश्य तब देखने को मिला, जब गांव के कई बच्चे सड़क किनारे उप मुख्यमंत्री के काफिले का इंतजार करते दिखाई दिए। बच्चों को देखकर विजय शर्मा ने अपना काफिला रुकवाया, उनसे बातचीत की और उन्हें पास की दुकान पर ले जाकर चॉकलेट दिलाई। इस आत्मीय व्यवहार की ग्रामीणों ने सराहना की।

ग्राम पंचायत खोलवा में उन्होंने नवीन आंगनबाड़ी भवन और डोम शेड निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा आश्रित ग्राम कटोरी में आंगनबाड़ी भवन के पास समतलीकरण कार्य के लिए 2 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा भी की गई, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इसी तरह ग्राम पंचायत टाटावाही के अंतर्गत धनौरा के वार्ड क्रमांक 13 और 14 में मंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपए तथा शेड निर्माण के लिए 8 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। साथ ही वार्ड क्रमांक 14 में हैंडपंप स्थापना तथा वार्ड क्रमांक 10 और 13 में 2.60-2.60 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की गई।

विजय शर्मा ने कहा कि सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास, पेयजल, सड़क, सामाजिक भवन और आंगनबाड़ी जैसी आवश्यक संरचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत विकास कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके।

इस अवसर पर ईश्वरी साहू, सरिता संतोष मिश्रा, परदेशी पटेल, लाला राम साहू, परेतन वर्मा, भूखन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।