सरगुजा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण, 79 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

सरगुजा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में 13 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया, स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर 12 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले 79 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Aug 15, 2026 - 15:08
Aug 15, 2026 - 15:44
 0  4
सरगुजा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण, 79 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

UNITED NEWS OF ASIA. आकाश सोनकर, अम्बिकापुर l सरगुजा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के पीजी कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन और पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया। इसके बाद मंत्री रामविचार नेताम ने कलेक्टर अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन भी किया। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े। इसके पश्चात परेड में शामिल पुलिस बल और नगर सेना की सशस्त्र टुकड़ियों ने हर्षफायर कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रपति का जयघोष किया। समारोह में शॉल और श्रीफल देकर 12 शहीदों के परिवारों का सम्मान किया गया।

परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत तथा सेकंड इन परेड कमांडर प्रशिक्षु पेविन वर्मा के नेतृत्व में कुल 13 प्लाटूनों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया। इसमें जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून के कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक डिगेश्वर वर्मा, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून के कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक चंद्राकर, जिला पुलिस बल महिला प्लाटून की कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारती मार्कण्डेय, नगर सैनिक बल पुरुष प्लाटून के कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक महेश कुमार नेताम तथा नगर सैनिक बल महिला प्लाटून की कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशी भंग शामिल रहीं।

नव आरक्षक दल महिला-पुरुष संयुक्त का नेतृत्व नव आरक्षक समीर तिग्गा ने किया। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर एनसीसी पुरुष दल के जेयूओ श्रेयांश कुमार, एनसीसी महिला दल की जेयूओ प्रिंसी तिग्गा, होली क्रास वूमेन्स कॉलेज एनसीसी की एसयूओ कुजूर, शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर जूनियर डिविजन एनसीसी के उपेन्द्र राजवाड़े, सेंट जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर स्काउट के रोहित केरकेट्टा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाइड्स की आस्था गुप्ता तथा अम्बिका मिशन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरनीबेड़ा की मोनिका मिंज के नेतृत्व में विभिन्न दलों ने परेड में हिस्सा लिया। देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए जवानों और विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया तथा मंच के सामने पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज और मुख्य अतिथि को जोश एवं उत्साह के साथ सलामी दी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उर्सु लाइन विद्यालय ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। जवाहर नवोदय विद्यालय ने विरासत से विकास, होली क्रॉस कान्वेंट स्कूल ने आत्मनिर्भर भारत और नए भारत के गौरव पर आधारित नृत्य एवं प्रदर्शनी प्रस्तुत की। कार्मेल स्कूल ने स्वतंत्रता से संकल्प तक हमारा भारत हमारी जिम्मेदारी विषय पर प्रस्तुति दी, जबकि मोंटफोर्ट स्कूल ने भारतीय संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सैनिक स्कूल ने एरोबिक्स एवं मॉडल्स के माध्यम से देशभक्ति का प्रदर्शन किया।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों और कार्यस्थलों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 79 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें कार्यालय कलेक्टर, कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। इस तरह सरगुजा में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, शहीदों के सम्मान, आकर्षक परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों के सम्मान के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।