सदर बाजार ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाली उड़ीसा की अंतर्राज्यीय महिला आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित भोरावत एंड संस ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाली उड़ीसा निवासी अंतर्राज्यीय महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ग्राहक बनकर दुकान में आई थी और बातचीत में उलझाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

Jan 30, 2026 - 12:32
 0  13
सदर बाजार ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाली उड़ीसा की अंतर्राज्यीय महिला आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सदर बाजार स्थित भोरावत एंड संस ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाली उड़ीसा की अंतर्राज्यीय महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश कर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रिंस जैन ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सदर बाजार स्थित भोरावत एंड संस ज्वेलरी दुकान का संचालन करता है। दिनांक 15 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे एक महिला ग्राहक बनकर दुकान में आई। महिला द्वारा सोने की चेन देखने के दौरान सेल्समेन संगीता धाकड़ को बातचीत में उलझाया गया और मौका पाकर काउंटर से एक सोने की चेन चोरी कर महिला फरार हो गई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अज्ञात महिला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 16/26, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन श्री उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन श्री तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली श्री दीपक मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली एवं प्रभारी एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को आरोपी महिला की शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा प्रार्थी एवं दुकान के कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ की गई तथा दुकान एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए।

जांच के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर चोरी की घटना में संलिप्त महिला की पहचान निशा गुप्ता निवासी काटाभांजी, उड़ीसा के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को काटाभांजी, जिला बलांगीर (उड़ीसा) से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने की घटना को स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है, जप्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपी महिला का नाम निशा गुप्ता, पति बिकास गुप्ता, उम्र 42 वर्ष, निवासी शास्त्री चौक, काटाभांजी, जिला बलांगीर (उड़ीसा) है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर आगे की विवेचना की जा रही है।