न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा खेलते युवक गिरफ्तार, आईफोन 15 जब्त

रायपुर के थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा खेलने एवं खिलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एप्पल कंपनी का आईफोन 15 जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Jan 30, 2026 - 12:29
 0  14
न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा खेलते युवक गिरफ्तार, आईफोन 15 जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। प्रकरण में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस आयुक्त रायपुर नगरीय  संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त  अमित तुकाराम कामले, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त  राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र नगर  नवनीत पाटिल के दिशा-निर्देश पर ऑनलाइन सट्टा खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र नगर  नवनीत पाटिल एवं थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर के मार्गदर्शन में सूचना संकलन कर मुखबिर तैनात किए गए थे। दिनांक 29 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मिलेनियम कैफे, महावीर नगर चौक के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से रुपये पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है एवं अन्य लोगों को भी सट्टा खिला रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर दबिश दी गई, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष वाधवानी पिता मनोहर लाल वाधवानी, उम्र 35 वर्ष, निवासी मकान नंबर 415, सेक्टर-10, आरडीए बिल्डिंग ब्लॉक-ए, कमल विहार, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर बताया।

आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक नग एप्पल कंपनी का आईफोन 15, सफेद रंग, कीमती लगभग 30,000 रुपये का बरामद किया गया। मोबाइल की जांच करने पर आरोपी द्वारा नसीब डाट कॉम वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलते एवं खिलाते हुए पाया गया। उक्त मोबाइल को मौके पर समक्ष गवाहों के विधिवत जप्त किया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी के कृत्य को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के अंतर्गत अपराध पाया गया। इसके पश्चात आरोपी के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ गतिविधियों पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।