आवासीय कॉलोनियों में चोरी करने वाला आदतन चोर सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू गिरफ्तार, 5 प्रकरणों का खुलासा

रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में आवासीय कॉलोनियों के सूने मकानों में चोरी करने वाले आदतन चोर सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चार घरों में चोरी तथा एक दोपहिया वाहन चोरी के कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है। उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, चोरी की बाइक, मोबाइल और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।

Jan 30, 2026 - 12:39
 0  16
आवासीय कॉलोनियों में चोरी करने वाला आदतन चोर सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू गिरफ्तार, 5 प्रकरणों का खुलासा

UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद आवासीय कॉलोनियों में सूने मकानों में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन चोर सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से थाना डी.डी.नगर क्षेत्र के चार घरों में चोरी तथा एक दोपहिया वाहन चोरी के कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र संदीप पटेल, पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर श्री स्मृतिक राजनाला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र  राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती  देवांश राठौर के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी.नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

टीम द्वारा घटनास्थलों का निरीक्षण कर प्रार्थियों से पूछताछ की गई तथा रात्रि गश्त, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में सामने आया कि एक गिरोह द्वारा थाना डी.डी.नगर क्षेत्र की विभिन्न आवासीय कॉलोनियों में रात्रि के समय सूने मकानों को निशाना बनाया जा रहा था।

तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरोह के एक सदस्य की पहचान दुर्ग जिले के अमलेश्वर निवासी सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू के रूप में हुई, जो पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस टीम ने उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की दोपहिया वाहन से घूम-घूमकर सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम, चोरी की एक दोपहिया वाहन, एक मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड जब्त किया है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 331(4), 305, 3(5) एवं संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी से थाना डी.डी.नगर के अपराध क्रमांक 560/25, 43/26, 53/26, 55/26 (घर चोरी) तथा अपराध क्रमांक 40/26 (दोपहिया वाहन चोरी) का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू, पिता राकेश सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी पी.आर.टी. कॉलोनी, अमलेश्वर, जिला दुर्ग है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना डी.डी.नगर में एक दर्जन से अधिक चोरी एवं नकबजनी के मामले दर्ज हैं।

प्रकरण में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आसपास क्षेत्र की अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।