बिलासपुर शहर के 15 मंडलों में भाजयुमो अध्यक्षों की घोषणा, अमर सिंह को मिली बिलासपुर पश्चिम की जिम्मेदारी

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बिलासपुर शहर के 15 मंडलों के लिए अध्यक्षों की सूची जारी की है। जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने वरिष्ठ नेतृत्व की सहमति से यह घोषणा की, जिसमें बिलासपुर पश्चिम की जिम्मेदारी अमर सिंह को सौंपी गई है। नई टीम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है।

Jan 30, 2026 - 12:44
 0  12
बिलासपुर शहर के 15 मंडलों में भाजयुमो अध्यक्षों की घोषणा, अमर सिंह को मिली बिलासपुर पश्चिम की जिम्मेदारी

UNITED NEWS OF AS. विशु तिवारी, बिलासपुर | भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा बिलासपुर जिले के लिए मंडल अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी गई है। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने वरिष्ठ नेतृत्व की सहमति के बाद बिलासपुर शहर के 15 मंडलों के अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।

इस नई कार्यकारिणी का गठन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी एवं जिला प्रभारी के मार्गदर्शन में किया गया है। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर की अनुशंसा एवं कोर ग्रुप के निर्णय के आधार पर युवा, सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी सूची के अनुसार बिलासपुर पश्चिम मंडल की जिम्मेदारी अमर सिंह को दी गई है। वहीं दक्षिण मंडल से साहिल कश्यप, मध्य मंडल से योगेश देवांगन, पूर्वी मंडल से देवाशीष दत्ता और उत्तर मंडल से विश्वजीत ताम्रकार को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शहर के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी नए नेतृत्व को मौका दिया गया है। बिलासपुर रेलवे मंडल की जिम्मेदारी तनुज बोहरा को, बिल्हा मंडल की कमान विवेक शर्मा को तथा तिफरा–सिरगिट्टी मंडल का अध्यक्ष पृथ्वी श्रीवास को बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त बोदरी, बरतोरही, विजयपुर, तखतपुर, सकरी, गनियारी एवं काठाकोनी मंडलों में भी नए मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई है। संगठन की ओर से यह संदेश स्पष्ट किया गया है कि युवा मोर्चा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत करेगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नई नियुक्तियां आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। खासतौर पर युवा मतदाताओं के बीच पार्टी की विचारधारा को प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए यह टीम अहम भूमिका निभाएगी।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने नवनियुक्त सभी मंडल अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करेगी और भाजपा की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। सूची जारी होने के बाद से ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और नवनियुक्त पदाधिकारियों को सोशल मीडिया एवं व्यक्तिगत रूप से बधाइयां दी जा रही हैं।