गुढ़ियारी में कबीर चौक के पास रामनगर पुलिस चौकी भवन का उद्घाटन — विधायक राजेश मूणत और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह रहे उपस्थित

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कबीर चौक के पास स्थित रामनगर पुलिस चौकी के नवीन भवन का उद्घाटन विधायक राजेश मूणत और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया। नगर निगम द्वारा विधायक निधि से निर्मित यह सर्वसुविधा युक्त पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाएगा।

Nov 11, 2025 - 19:08
 0  8
गुढ़ियारी में कबीर चौक के पास रामनगर पुलिस चौकी भवन का उद्घाटन — विधायक राजेश मूणत और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह रहे उपस्थित

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में पुलिस प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में लगातार नए थानों और चौकियों का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को रायपुर जिले के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कबीर चौक के पास स्थित रामनगर पुलिस चौकी के नवीन भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया।

 

उद्घाटन समारोह में रायपुर पश्चिम क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर)  लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते, डीएसपी यातायात गुरजीत सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक उरला सुश्री पूर्णिमा लामा, डीएसपी मुख्यालय नंदनी ठाकुर, थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर, पुलिस चौकी प्रभारी रामनगर सउनि रमेश शर्मा, पार्षद भोला राम साहू, नगर निगम जोन-07 के अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि राज्य में पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत करने और आम नागरिकों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के लिए यह भवन एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि कबीर चौक रायपुर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है जहाँ देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। नई चौकी से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और क्षेत्र में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस चौकियों की सुदृढ़ उपस्थिति अपराधियों में भय का वातावरण बनाती है। उन्होंने बताया कि चौकी को अत्याधुनिक संसाधनों और सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस किया गया है ताकि पुलिस कर्मी बेहतर ढंग से अपनी ड्यूटी निभा सकें।

नगर निगम रायपुर द्वारा विधायक निधि से तैयार यह सर्वसुविधा युक्त रामनगर पुलिस सहायता केंद्र पुलिस प्रशासन की सुदृढ़ता की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। इस चौकी के संचालन से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को एक नई मजबूती मिलेगी।