सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों में लाएं तेजी, धान खरीदी की तैयारियों को दें अंतिम रूप — कलेक्टर गोपाल वर्मा के सख्त निर्देश

कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने और धान खरीदी की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आयुष्मान कार्ड, आवास निर्माण, जल जीवन मिशन और विशेष पुनरीक्षण कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

Nov 11, 2025 - 19:11
 0  20
सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों में लाएं तेजी, धान खरीदी की तैयारियों को दें अंतिम रूप — कलेक्टर गोपाल वर्मा के सख्त निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिला मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में स्वीकृत सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण होने चाहिए। किसी भी स्थिति में कार्यों में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क मरम्मत और डामरीकरण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए। उन्होंने जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास और जनमन आवास योजनाओं के सभी अप्रारंभ आवास निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराए जाएं। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाए और आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों के कार्ड शेष हैं, उनके घर-घर जाकर कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। साथ ही स्कूली छात्रों के अपार आईडी और जाति प्रमाण पत्र निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी जिला शिक्षा अधिकारी और सभी तहसीलदारों को दिए।

कलेक्टर वर्मा ने पीएम सूर्यघर योजना और जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि पाइपलाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने मल्टीविलेज स्कीम के तहत चल रहे कार्यों और नए प्रस्तावों पर भी चर्चा की।

विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों पर बात करते हुए उन्होंने सभी बीएलओ को लक्ष्य अनुसार फॉर्म वितरण और ऑनलाइन डेटा एंट्री का कार्य गंभीरता से करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी को लेकर कलेक्टर वर्मा ने कहा कि 15 नवंबर से शुरू होने वाली खरीदी के लिए सभी समितियों में आवश्यक संसाधन जैसे तौल मशीन, मॉइश्चर मीटर, बारदाना, तिरपाल और फड़ की व्यवस्था पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने चेकपोस्ट में 24 घंटे निगरानी रखने और अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास और प्रशासनिक दक्षता के लिए हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे ताकि जनहित के कार्यों का लाभ हर नागरिक तक समय पर पहुँच सके।