कवर्धा में 2 नवंबर को भव्य होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को कवर्धा में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह आयोजित होगा। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में बैगा परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री जनमन योजना, स्वास्थ्य शिविर, सीएम हेल्पलाइन और लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

Oct 23, 2026 - 10:15
 0  10
कवर्धा में 2 नवंबर को भव्य होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जिला मुख्यालय कवर्धा में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन भव्य एवं गरिमामय ढंग से किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राज्योत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और उपलब्धियों का महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं। बैठक में समारोह से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से जिले के बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेज और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र बैगा परिवारों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन संबंधी दस्तावेज, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की कार्रवाई शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों और लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके अतिरिक्त उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को न्यायालयीन मामलों में आवश्यक कार्रवाई तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि न्यायालय से संबंधित प्रकरणों को विशेष प्राथमिकता दी जाए और निर्धारित समय के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए।

बैठक में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए आई गॉट कर्मयोगी पोर्टल पर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रतिमाह न्यूनतम एक घंटे का प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा 31 अक्टूबर 2026 तक कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन और योग निद्रा से संबंधित दो पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा गया।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, आरपी अचला, सागर सिंह राज, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित कार्यों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने और राज्योत्सव समारोह की तैयारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।