MP Morning News: 21 साल बाद फिर दौड़ेंगी सरकारी बसें, सीएम मोहन यादव आज करेंगे 351 बसों का फ्लैग-ऑफ
मध्यप्रदेश में 21 साल बाद सरकारी बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 25 सितंबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 351 नई बसों का फ्लैग-ऑफ करेंगे। इसके अलावा भोपाल में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी का दौरा और अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम भी प्रमुख रहेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. मध्यप्रदेश में करीब 21 साल बाद एक बार फिर सरकारी बस सेवा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 25 सितंबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 351 नई बसों का फ्लैग-ऑफ करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे और मुख्यमंत्री के साथ बसों को हरी झंडी दिखाएंगे।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के पहले चरण में प्रदेश के सात शहरों को शामिल किया गया है। इनमें इंदौर, भोपाल, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड शामिल हैं। इंदौर में 145, भोपाल में 106, जबलपुर में 67, रीवा में 18, देवास में 10, कटनी में 3 और भिंड में 2 बसें संचालित की जाएंगी।
सरकार की ओर से इन बसों का किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। योजना का उद्देश्य आम लोगों को सस्ता और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में बसों की संख्या बढ़ाने की योजना है। सरकार के अनुसार प्रारंभिक स्तर पर 2,500 से 3,000 नई बसें बेड़े में जोड़ी जाएंगी, जबकि दीर्घकालिक लक्ष्य 15 हजार बसों का है।
नई बसों में यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्ध परिवहन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए पैनिक बटन की सुविधा भी दी गई है।
भोपाल में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी का भी दौरा प्रस्तावित है। वह सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू किए जा रहे आंगन मिलन सेवा अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगी। सुबह 8 बजे गोविंदपुरा में आयोजित कार्यक्रम में अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे रूप कुमारी चौधरी भाजपा कार्यालय पहुंचेंगी और महिला कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगी।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भोपाल में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया जाएगा। शाम 7 बजे भारत टॉकीज से मुख्य चल समारोह शुरू होगा। शहर के सात घाटों पर करीब 10 हजार गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन ने शहर में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है और 20 से अधिक स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है।
सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू की गई है, जो अगले आदेश तक जारी रहेगी। भारी वाहनों को बायपास मार्ग से निकाला जाएगा। चार मीटर से अधिक चौड़ी ट्रॉली वाली बड़ी गणेश प्रतिमाओं के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। यह मार्ग रोशनपुरा, माता मंदिर, पीएंडटी, भारत माता और मैनिट होते हुए भदभदा और प्रेमपुरा घाट तक रहेगा।
शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज क्षेत्र में सिटी बस और मैजिक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। वहीं शाम 6 बजे से मंगलवारा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी से घोड़ा नक्कास और बस स्टैंड की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का दिन भी विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त रहेगा। सुबह 11 बजे सीएम हाउस में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे भेल दशहरा मैदान में सुगम परिवहन सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे सिंगरौली के बलराम कृषि महोत्सव से वर्चुअली जुड़ेंगे। इसके बाद शाम 3:30 बजे से विभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।