रायपुर में सियान सेवा महाकुंभ, वरिष्ठजनों का सम्मान कर सेवा और देखभाल का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में वरिष्ठजनों से संवाद कर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए। 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को देशभर में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास, 2 हजार छड़ियां, एक हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल वितरित की गईं।

Oct 2, 2026 - 10:55
Oct 2, 2026 - 10:56
 0  2
रायपुर में सियान सेवा महाकुंभ, वरिष्ठजनों का सम्मान कर सेवा और देखभाल का लिया संकल्प

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में राज्य स्तरीय ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वयोवृद्धजनों का सम्मान किया गया और उनसे संवाद कर उनके अनुभवों को सुना गया।

कार्यक्रम में समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

 ‘सियान सेवा महाकुंभ’ में वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ उनके लिए विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए। ‘सियान आशीष सेवा’ योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को पूरे भारत में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास प्रदान किए गए। इसके अलावा जरूरत के अनुसार 2 हजार छड़ियां, एक हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी वितरित की गईं।

 कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों के अनुभव और समाज में उनके योगदान को रेखांकित किया गया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों के अनुभव को समाज की महत्वपूर्ण विरासत बताते हुए उनकी गरिमा और सम्मान को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।

 रायपुर जिला प्रशासन की ओर से ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत भी की गई। ‘सियान श्रम सम्मान’ के तहत पात्र निर्माण श्रमिकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई है। जानकारी के अनुसार पात्र निर्माण श्रमिकों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के तहत 1500 रुपये मासिक पेंशन का प्रावधान है। वहीं तीन वर्ष से पंजीकृत 59 से 60 वर्ष आयु के पात्र श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान बताया गया है।

कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को सम्मानित करते हुए उनके साथ संवाद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और मार्गदर्शन परिवार, समाज और नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

‘सियान सेवा महाकुंभ’ के माध्यम से वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और उनकी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने वरिष्ठ नागरिकों की सेवा, समुचित देखभाल और गरिमापूर्ण जीवन के लिए सहयोग का संकल्प लेने की बात कही।