विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम संकरी को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

ग्राम संकरी में विधायक अनुज शर्मा ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। सड़क निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण और मुक्तिधाम शेड निर्माण सहित कई योजनाओं से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

Apr 15, 2026 - 12:22
 0  0
विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम संकरी को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

UNITED NEWS O ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम संकरी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता का प्रेम और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

इस दौरान उन्होंने ग्राम संकरी से धनसुली मार्ग का लोकार्पण किया, जिसकी लागत लगभग 3.15 करोड़ रुपये है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से यह मांग लंबित थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।

इसके साथ ही गोडमर्रा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया, जिसकी लागत 5 लाख रुपये है। इस तालाब के विकसित होने से न केवल जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह गांव के लोगों के लिए एक सुंदर और शांत वातावरण वाला स्थल भी बनेगा।

कार्यक्रम में मुक्तिधाम में 9.40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। विधायक ने कहा कि अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील समय में परिजनों को धूप और बारिश से राहत देने के लिए यह शेड अत्यंत आवश्यक था, जिससे ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

विधायक अनुज शर्मा ने यह भी बताया कि उनके विशेष प्रयासों से बजट 2026-27 में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 11.48 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने हमें समानता और न्याय का मार्ग दिखाया है और उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्रगति की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद पंचायत धरसींवा की अध्यक्ष शंकुन्तला सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खुटे सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

इस अवसर पर विधायक ने आश्वासन दिया कि ग्राम संकरी सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों की यह श्रृंखला लगातार जारी रहेगी और गांवों को भी शहरों की तरह विकसित और व्यवस्थित बनाया जाएगा।