विशेष ग्राम सभा में विकसित भारत रोजगार के लिए गारंटी और आजीविका मिशन ग्रामीण के अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने से संबंधित जानकारी ग्रामीणों के सामने रखी गई। जी राम जी योजना के चार आधार स्तंभ सशक्तिकरण, विकास, अभिसरण और संतृप्ति के माध्यम से गांवों के दीर्घकालिक विकास की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने को लेकर ग्रामीणों ने आपस में विचार-विमर्श किया।
ग्राम पंचायत की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध 375 कार्यों की पहचान करने पर चर्चा हुई। इन कार्यों के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करने और स्वरोजगार की दिशा में ग्रामीणों को आगे बढ़ाने के विषय पर भी विचार किया गया।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं में जी राम जी योजना के माध्यम से गांवों की जरूरतों पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने गांव में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्णय लिया। साथ ही नशा मुक्ति का संकल्प लेकर गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ने पर भी चर्चा हुई।
विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने के लिए ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से मूलभूत विकास कार्यों की जानकारी दी गई। ग्रामीण भारत के लिए 125 दिन के रोजगार, प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी भुगतान, स्थायी निर्माण कार्यों के माध्यम से आजीविका के नए स्रोतों का सृजन और निर्माण कार्यों में ऑनलाइन अटेंडेंस जैसी व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि विशेष ग्राम सभा के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई भी की गई। जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता का संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तैयार की जानी है। इसके तहत गांव में होने वाले कार्यों को ग्रामीणों की इच्छा और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तय करने की बात कही गई।
विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों ने मिलकर अपने गांव की प्राथमिक जरूरतों पर चर्चा की। जल संरक्षण, स्वच्छता, नशा मुक्ति, रोजगार, आजीविका संवर्धन और स्थायी विकास जैसे विषयों को ग्राम पंचायत की विकास योजना से जोड़ने पर विचार किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं में स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता के जरिए गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने और विकसित ग्राम पंचायत की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।