राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कबीरधाम के 13376 ग्रामीण परिवारों को देंगे नए घर की सौगात

छत्तीसगढ़ के रजत जयंती राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर से वर्चुअल रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 3.51 लाख परिवारों का गृह प्रवेश कराएंगे। इसमें कबीरधाम जिले के 13376 ग्रामीण परिवार शामिल हैं। साथ ही जिले में 16454 नवीन स्वीकृत आवासों का भूमि पूजन भी किया जाएगा।

Oct 30, 2025 - 19:13
 0  30
राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कबीरधाम के 13376 ग्रामीण परिवारों को देंगे नए घर की सौगात

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर कबीरधाम जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के चेहरे खुशियों से खिल उठेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रदेशभर के 3.51 लाख हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराएंगे। इनमें कबीरधाम जिले के 13376 ग्रामीण परिवार भी शामिल हैं, जो इस ऐतिहासिक अवसर पर अपने नए पक्के घर में प्रवेश करेंगे।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अप्रैल 2025 से अब तक 13239 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इन सभी लाभार्थियों को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गृह प्रवेश का सौभाग्य मिलेगा। इसके साथ ही जिले में 16454 नवीन स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों का भूमि पूजन कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने न केवल गरीब और बेघर परिवारों को छत दी है, बल्कि उन्हें सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी सशक्त किया है। शासन के प्रयासों से यह योजना ग्रामीण अंचलों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।

राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में कबीरधाम जिले से चयनित हितग्राही और जनप्रतिनिधि भी नवा रायपुर पहुंचेंगे। वहीं जिले के सभी ग्राम पंचायतों में सामूहिक रूप से गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देंगे।

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में गृह प्रवेश समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, गृह प्रवेश की चाबी और मिठाई वितरण के माध्यम से कार्यक्रम मनाया जाएगा।

यह आयोजन न केवल राज्य स्थापना दिवस की गौरवपूर्ण स्मृति को विशेष बनाएगा, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से “हर परिवार को पक्का घर” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी सिद्ध होगा।