बस्तर की महिलाओं को सशक्त बनाएगा तुरेनार का ग्रोथ सेंटर: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया निरीक्षण
उपमुख्यमंत्री एवं बस्तर प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर जिले के तुरेनार स्थित ग्रामीण औद्योगिक ग्रोथ सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा चलाए जा रहे मसाला प्रसंस्करण कार्यों की सराहना की और कहा कि यह केंद्र बस्तर की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा। साथ ही इमली, तीखुर और महुआ जैसे स्थानीय उत्पादों के मूल्यवर्धन के लिए नई इकाइयां स्थापित करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा ने गुरुवार को बस्तर जिले के ग्राम तुरेनार स्थित ग्रामीण औद्योगिक केंद्र में संचालित ग्रोथ सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे मसालों के प्रसंस्करण कार्यों की जानकारी ली और कहा कि बस्तर की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में यह केंद्र मील का पत्थर साबित होगा।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि “बस्तर के स्थानीय उत्पाद जैसे हल्दी, मिर्च, धनिया और तीखुर का प्रसंस्करण कर हम यहां की महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल उत्पादन नहीं, बल्कि मूल्यवर्धन और विपणन के माध्यम से महिलाओं को सम्मानजनक आय दिलाना है।” उन्होंने बताया कि ग्रोथ सेंटर में वर्तमान में मसालों का प्रसंस्करण कार्य चल रहा है और जल्द ही तीखुर एवं बेलमेटल उत्पादों के निर्माण की शुरुआत की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने महिला समूहों की सदस्यों से संवाद भी किया। उन्होंने उत्पादन, खरीदी और बिक्री से संबंधित जानकारी ली और उनकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि “बस्तर की महिलाएं अब केवल स्व-सहायता समूहों की सदस्य नहीं रहीं, बल्कि अब वे उद्यमी के रूप में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं।”
भविष्य की योजनाओं को गति देते हुए श्री शर्मा ने ग्रोथ सेंटर में इमली प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को इमली बीज और तीखुर की उपलब्धता सुनिश्चित करने, उत्पादन क्षेत्रों की मैपिंग कर महिला समूहों के माध्यम से संग्रहण, प्रसंस्करण और पैकेजिंग कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने महुआ से लड्डू, कुकीज़, काजू और रागी प्रीमिक्स जैसे उत्पाद तैयार करने पर भी बल दिया, ताकि स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग हो और महिलाओं को घर-घर रोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज निर्माण की दिशा में भी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर पूर्व विधायक सुभाऊ कश्यप, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, जनपद सीईओ अमित भाटिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी एवं महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य उपस्थित थीं।
श्री शर्मा ने कहा कि “बस्तर की महिलाएं अब आत्मनिर्भर भारत की मिसाल बन रही हैं, और तुरेनार का यह ग्रोथ सेंटर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”