पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 फरवरी 2026 की रात परीक्षा सत्र के दौरान लागू प्रतिबंधों के पालन हेतु मोहन्द्रा पुलिस टीम कस्बा भ्रमण पर थी। इसी दौरान ग्रामीण बैंक के पास अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे बजने की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में शोर का वातावरण बन गया था और सामान्य बातचीत तक संभव नहीं हो पा रही थी।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक UP 83 AT 0668 में डीजे साउंड सिस्टम अत्यधिक तेज आवाज में संचालित पाया गया। पुलिस द्वारा वाहन चालक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम अरुण चौरसिया बताया।
चालक द्वारा डीजे संचालन से संबंधित कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया और न ही वाहन के वैध दस्तावेज दिखाए जा सके। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि रात्रि में प्रतिबंधित समय पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जा रहा था, जो कलेक्टर द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान जारी निषेधाज्ञा का स्पष्ट उल्लंघन है।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर पिकअप वाहन सहित डीजे साउंड सिस्टम को जप्त कर लिया। जप्त सामग्री में 6 नग डीजे स्पीकर, 2 एम्पलीफायर, 1 मिक्सर, 1 जनरेटर, 1 स्टेबलाइजर और 6 रंगीन लाइटें शामिल हैं। जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 7/15, भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130 एवं 177(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा काल में छात्रों के अध्ययन और आम नागरिकों की शांति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लागू किया गया है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
चौकी मोहन्द्रा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षा अवधि और रात्रि समय में डीजे, लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग न करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी सतत निगरानी जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण के विरुद्ध सख्त रुख आगे भी जारी रहेगा।