संस्था संचालन का एक वर्ष पूर्ण, वरिष्ठजन सेवा सदन में समाजसेवियों और कर्मवीरों का सम्मान

रायपुर के इमली भाठा क्षेत्र में संचालित माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा वरिष्ठजन सेवा सदन के एक वर्ष पूर्ण होने पर समाजसेवियों, सहयोगियों एवं सेवा कर्मियों का गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

Feb 22, 2026 - 19:26
 0  4
संस्था संचालन का एक वर्ष पूर्ण, वरिष्ठजन सेवा सदन में समाजसेवियों और कर्मवीरों का सम्मान

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | वरिष्ठजनों की सेवा को समर्पित संस्था के सफल संचालन का एक वर्ष पूर्ण होने पर शहर के इमली भाठा क्षेत्र में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित वरिष्ठजन सेवा सदन परिसर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजसेवी, सहयोगी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन रायपुर सहित समोदा, आरंग, हतबंध, बलौदाबाजार, कसडोल, बागबाहरा, खल्लारी एवं आसपास के क्षेत्रों से आए अतिथियों की उपस्थिति में किया गया। समारोह का उद्देश्य बीते एक वर्ष में वरिष्ठजनों की सेवा के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करना और संस्था से जुड़े समाजसेवियों व सहयोगियों को सम्मानित करना रहा।

समारोह के दौरान उपस्थित समाजसेवियों ने वरिष्ठजन सेवा सदन में रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य, आवास, भोजन एवं देखभाल संबंधी सुविधाओं का जायजा लिया। अतिथियों ने संस्था के समर्पण, पारदर्शिता और सेवा भावना की खुले मंच से प्रशंसा करते हुए आगामी समय में भी सहयोग बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

संस्था के संचालक मंडल द्वारा सभी अतिथियों और सहयोगियों का पारंपरिक तिलक-वंदन कर अभिनंदन किया गया तथा सम्मान स्वरूप स्मृति भेंट प्रदान की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजसेवियों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें वंदना औसर, सुषमा वर्मा, जयश्री सोनी, रघुवीर सिंह चावला, नितिन श्रीवास्तव, बिन्नी शर्मा, सविता निषाद, तुषार साहू, मानिक साहू, नरेन्द्र कुमार साहू, डॉ. जितेंद्र साहू, प्रणित कुमार गुप्ता, सनत कुमार गुप्ता, राजू पाल, मनीषा पाल, जीवन दास मानिकपुरी, सिमर सिंह चावला, प्रफुल परमार सहित अनेक समाजसेवी शामिल रहे।

कार्यक्रम में संस्था के साथ निरंतर सेवा कार्य कर रहे कर्मवीरों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वरिष्ठजन सेवा सदन में निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे केयर टेकर सोहद्रा यादव, रसोइया रीना औसर, सहकर्मी कांति निर्मलकर एवं सहयोगी वेदराम यादव को उनकी मेहनत, समर्पण और निरंतर सेवाभाव के लिए प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि ऐसे सेवा कर्मी ही किसी भी संस्था की असली ताकत होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में संस्था की अध्यक्ष उषा साहू ने सभी समाजसेवियों, सहयोगियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों की सेवा केवल संस्था का दायित्व नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। संस्था का उद्देश्य भविष्य में और अधिक जरूरतमंद वृद्धजनों तक सेवा पहुंचाना तथा उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मीय वातावरण प्रदान करना है।

उन्होंने यह भी बताया कि स्वयंसेवकों और सहयोगियों के निरंतर सहयोग से वरिष्ठजन सेवा सदन ने अपने पहले ही वर्ष में समाज के बीच विश्वास और संवेदनशीलता की मजबूत पहचान बनाई है। संस्था ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों के साथ अपने कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।