भिलाई में भाई ने भाई की हत्या, आपसी रंजिश में रिश्ते हुए तार-तार
भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना में आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने हसिया से हमला कर बड़े भाई राजू निर्मलकर की हत्या कर दी। सुबह से चल रहे विवाद ने शाम को खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस ने आरोपी भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
UNITED NEWS OF ASIA. भुवाल रोहितास, दुर्ग | भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना में दो भाइयों के बीच आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
छोटे भाई ने बड़े भाई राजू निर्मलकर पर हसिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक के साले सुखदेव सिंह के अनुसार सुबह से ही दोनों भाइयों के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
राजू निर्मलकर ठेका मजदूर था जबकि छोटा भाई काम-काज नहीं करता था।
सुबह दोनों ने चाकू लेकर एक-दूसरे पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव किया।
शाम होते-होते विवाद फिर बढ़ गया और आरोपी ने अपनी पत्नी से हसिया मंगाकर बड़े भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
वार से मृतक के पैरों में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने लगा।
शोर-शराबा होने पर घरवाले और मोहल्ले वाले पहुंचे, तब तक उसकी बुरी हालत हो चुकी थी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सुपेला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही राजू निर्मलकर की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने छोटे भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
मृतक का शव सुपेला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।