इस अभियान का संचालन उत्कल महिला महामंच द्वारा किया जा रहा है, जिसके नेतृत्व में अध्यक्ष सावित्री जगत राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं से सीधे संवाद कर रही हैं। अभियान के इसी क्रम में आज कार्यक्रम का आयोजन पंडरी क्षेत्र में किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सावित्री जगत ने महिलाओं से आह्वान किया कि, “महिलाएं उठो, जागो और आगे बढ़ो। यह समय घर की चारदीवारी में सीमित रहने का नहीं, बल्कि अपने सामर्थ्य को पहचानकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का है। देश और समाज की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने आगे कहा कि महिलाएं यदि संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग हो जाएं, तो वे समाज की तस्वीर बदल सकती हैं। उन्होंने कहा, “हम महिलाएं समाज की तस्वीर बदलेंगी, देश और प्रदेश की तस्वीर बदलेंगी। आओ कानून को जानें, अपने अधिकारों को समझें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। गरीब और जरूरतमंद बहनों को उनका हक और अधिकार दिलाना ही हमारा संकल्प है।”
मिशन महिला शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर सुरक्षा, कानूनी सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वयं का रोजगार शुरू करने, वित्तीय साक्षरता अपनाने और आत्मरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि महिलाओं के लिए बनाए गए कानून और योजनाएं तभी प्रभावी हो सकती हैं, जब महिलाएं स्वयं उनके बारे में जानें और आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करना सीखें। कार्यक्रम में महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि वे किसी भी प्रकार के अन्याय, शोषण या भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाने से पीछे न हटें।
उत्कल महिला महामंच का यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने का प्रयास भी कर रहा है। संगठन का उद्देश्य है कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और समाज में निर्णायक भूमिका निभा सकें।
आज के मिशन महिला शक्ति अभियान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सविता महानद, सीमा टांडी, माला सोनी, सरोज नाग, रामबाई, लता मरकाम, संध्या यादव, मेनका बघेल, किरण बघेल, सुधा सोना, बबली नाग, खिरो जगत सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी महिलाओं ने अभियान से जुड़कर महिला सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।