77वें गणतंत्र दिवस पर ग्राम छुही में शालेय बच्चों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छुही में ध्वजारोहण के बाद प्रभात फेरी, सामूहिक भोज एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों का मन मोह लिया।
UNITED NEWS OF ASIA.रिजवान मेमन, ग्राम छुही धमतरी | 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छुही में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास से परिपूर्ण भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ की गई। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जिसने पूरे गांव में देशभक्ति का संदेश फैलाया।
प्रभात फेरी के समापन के बाद समस्त छात्रों, पालकों एवं ग्रामवासियों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। इस आयोजन ने सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यालय प्रांगण में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें शालेय बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न शिक्षाप्रद, सामाजिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियाँ दी गईं। देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “ऑपरेशन सिंदूर” कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जनों की उपस्थिति रही। ग्रामवासियों ने बच्चों की प्रतिभा एवं विद्यालय परिवार के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम की समाप्ति पर विद्यालय की प्राचार्य अर्चना नेताम द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष शुभम यदु, एसएमसी अध्यक्ष टिकेश्वर साहू, ग्राम सरपंच माहेश्वरी धूप, उपसरपंच यामिनी सिन्हा सहित शंकर साहू, धनेश्वर साहू, शत्रुघ्न साहू, लक्ष्मीकांत साहू, यशवंत यदु, गुप्ता कुंजाम उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार से डी.के. साहू, बी.आर. साहू एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम समिति द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। समापन अवसर पर “वंदे मातरम” के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। पूरे आयोजन ने ग्राम छुही में गणतंत्र दिवस को यादगार बना दिया।