महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: ग्राम करेलीबड़ा, धमतरी में उद्यमिता एवं स्वरोजगार पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन
धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ा में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग और भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) द्वारा महिला एवं युवा सशक्तिकरण के उद्देश्य से उद्यमिता और स्वरोजगार पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर MSME, वित्तीय प्रबंधन और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
UNITED NEWS OF ASIA. धमतरी। छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) द्वारा ग्राम करेलीबड़ा में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र में अवसरों से परिचित कराना था।
इस कार्यशाला में 100 से अधिक महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों को उद्यमिता के मूल सिद्धांत, व्यवसाय योजना निर्माण, विपणन रणनीतियाँ, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के उपयोग और शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया कि वे पारंपरिक रोजगार की बजाय उद्यमिता को एक सशक्त करियर विकल्प के रूप में अपनाएँ।
कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार की “विकसित छत्तीसगढ़” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने MSME क्षेत्र को सशक्त बनाकर “मेक इन इंडिया” पहल को गति देने का लक्ष्य रखा है। वहीं, EDII के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला ने युवाओं को उद्यमिता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी है।
छत्तीसगढ़ में EDII टीम के नेतृत्वकर्ता डॉ. अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि संस्थान MSME क्षेत्र में सतत विकास और उद्यमी पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण हेतु लगातार कार्यरत है। उन्होंने कहा कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी कार्यशालाएँ नए उद्यमियों को दिशा और आत्मविश्वास प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में ग्राम करेलीबड़ा की सरपंच श्रीमती खेमलता साहू, उपसरपंच श्री तोरण जी, जिला व्यापार उद्योग केंद्र धमतरी के डॉ. संदीप मेश्राम (DRP), प्रांत संयोजक वैभव श्री सेवा भारती के डॉ. पोषण लाल सिन्हा, EDII के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी श्री अरविंद कुमार द्विवेदी, श्री दिलीप पाण्डेय (EDP प्रशिक्षक), पुनारद ठाकुर, दामिनी साहू, चोवा राम साहू, नरेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि उद्यमिता केवल व्यवसाय नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता और समाजिक परिवर्तन का माध्यम है। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाकर ही राज्य को सशक्त और विकसित बनाया जा सकता है।
इस आयोजन को स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहा और इसे आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा किए और भविष्य में स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के संकल्प लिए।