धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनेगी नई सड़क, विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन

पंडरिया विधानसभा के ग्राम धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा तक 3.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भूमिपूजन विधायक भावना बोहरा ने किया। पुल-पुलियों सहित बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी।

Jun 16, 2026 - 11:45
 0  2
धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनेगी नई सड़क, विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन किया। लगभग 3 करोड़ 76 लाख 23 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी।

यह सड़क 2.312 किलोमीटर लंबाई में पुल-पुलियों सहित निर्मित की जाएगी। इसके निर्माण से धौराबंद, आमादाह, बंशापुर, प्राणखैरा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें केवल एक स्थान को दूसरे स्थान से जोड़ने का कार्य नहीं करतीं, बल्कि विकास और आर्थिक प्रगति के नए द्वार भी खोलती हैं।

उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण से दामापुर क्षेत्र और उससे जुड़े ग्रामीण इलाकों के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। पहले कवर्धा, बोड़ला और रायपुर आने-जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब सड़क बनने के बाद दूरी कम होगी। इससे समय, श्रम और परिवहन लागत में भी कमी आएगी।

विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के उद्देश्य से सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र में 500 किलोमीटर से अधिक लंबाई के विभिन्न सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इनमें कई परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और मरीजों को राहत मिलेगी। बरसात के मौसम में भी ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में नालंदा परिसर लाइब्रेरी, व्यावसायिक परिसर, सिंचाई परियोजनाएं, मिनी स्टेडियम, बाईपास सड़क, तालाब संरक्षण, सौंदर्यीकरण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

भूमिपूजन कार्यक्रम में बालमुकुंद चंद्रवंशी, राजेश्वरी धृतलहरे, सुशीला अश्वनी यदु, मनहरण साहू, विकास पांडे, महेंद्र धृतलहरे, दिनेश मिश्रा, परस सिंगरौल, सोनम कुलेश्वर चंद्राकर, देवेंद्र चंद्रवंशी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।