गुटखा के लिए पैसे नहीं मिले तो बेटे ने कर दी मां की हत्या, डभरा पुलिस ने घंटों में किया गिरफ्तार
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में गुटखा खाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपनी मां की पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी बेटे को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़ीकोना में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गुटखा खाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भेड़ीकोना निवासी मंजू माली ने थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जून 2026 की शाम लगभग 7:40 बजे उसकी सास तिहारिन बाई माली अपने पुत्र लखन माली को घर में भोजन दे रही थी। इसी दौरान लखन माली ने विमल गुटखा खरीदने के लिए अपनी मां से पैसे मांगे।
जब तिहारिन बाई ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी लखन माली गुस्से में आ गया और अपनी मां के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। मारपीट से बचने के लिए तिहारिन बाई घर से निकलकर भागने लगी, लेकिन आरोपी ने पीछा करते हुए टेप नल के पास उसे पकड़ लिया और पत्थर से सिर पर हमला कर दिया।
पत्थर लगने से तिहारिन बाई गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए डभरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर डभरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी सुमित गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के परिपालन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी लखन माली की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक बेटे द्वारा मामूली विवाद में अपनी मां की हत्या किए जाने की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
मामले की कार्रवाई में निरीक्षक राजेश पटेल, एएसआई हर नारायण ताम्रकार, पीएसआई तेजेंद्र कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक चंद्रकला सोन, आरक्षक मिरिश साहू और रामगोपाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।