लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों में कराया न्योता भोज, माताओं को भेंट किए मुनगा के पौधे
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के निमोरा और धुसेरा आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें चॉकलेट वितरित की और न्योता भोज में पौष्टिक भोजन कराया। कार्यक्रम में गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार के साथ ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत माताओं को मुनगा के पौधे भी वितरित किए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के निमोरा और धुसेरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों, माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताया। इस दौरान बच्चों से बातचीत करने के साथ उन्हें चॉकलेट वितरित की गई और न्योता भोज के माध्यम से पौष्टिक भोजन कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा छोटे बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार में भी भाग लिया। उन्होंने माताओं और परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की बात कही।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ का उद्देश्य बच्चों के पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल विकास में परिवार तथा समुदाय की भागीदारी बढ़ाना है। इसी उद्देश्य के तहत लक्ष्मी राजवाड़े ने दोनों केंद्रों में बच्चों और माताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी रुचियों के बारे में जानकारी ली और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से केंद्रों में संचालित पोषण एवं देखभाल संबंधी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ रहने और अच्छी तरह सीखने के लिए परिवार तथा आंगनबाड़ी केंद्र के बीच निरंतर जुड़ाव जरूरी है। उन्होंने माताओं से बच्चों के भोजन में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध दाल, हरी सब्जियों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने की अपील की। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सेवाओं का नियमित लाभ लेने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मुनगा का पौधा लगाया गया। मंत्री ने माताओं और महिलाओं को भी मुनगा के पौधे भेंट किए। उन्होंने महिलाओं को पौधे घर की बाड़ी या आसपास उपयुक्त स्थान पर लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुनगा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उपयोगी पौधा है। इसके पौधों को घरों और पोषण वाटिकाओं तक पहुंचाकर परिवारों को पौष्टिक आहार के एक अतिरिक्त स्रोत से जोड़ा जा सकता है।
महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद के दौरान मंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं, माताओं और परिवारों तक पोषण, देखभाल तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का माध्यम हैं। समुदाय की सक्रिय भागीदारी से इन सेवाओं को और प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।