कोरबा महापौर संजुदेवी राजपूत का 1 वर्ष: विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ
ऊर्जानगरी कोरबा की महापौर संजूदेवी राजपूत के एक वर्ष के कार्यकाल में शहर को सड़क, पेयजल, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में कई बड़ी उपलब्धियाँ मिलीं। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के साथ समन्वय से विकास कार्यों को गति मिली और कोरबा देश के टॉप-10 स्वच्छ शहरों में शामिल हुआ।
UNITED NEWS OF ASIA .भूपेंद्र साहू , कोरबा | नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजूदेवी राजपूत का एक वर्ष का कार्यकाल शहर के लिए विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के साथ समन्वय कर उन्होंने शहर को नई गति और दिशा दी।
इस अवधि में नगर निगम के सभी 67 वार्डों में सड़क, नाली, पानी, बिजली सहित 573 नए विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। लगभग 100 करोड़ रुपये के वार्ड स्तरीय कार्यों के साथ ही करीब 800 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में कोरबा देश के टॉप-10 स्वच्छ शहरों में शामिल हुआ और राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त किया। शहर में कचरा डंपिंग प्वाइंट समाप्त कर उनके स्थान पर छोटे उद्यान विकसित किए गए। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया गया और 80 इलेक्ट्रिक रिक्शा तथा दो अत्याधुनिक मोबाइल टॉयलेट सेवा में जोड़े गए।
स्वच्छता जागरूकता को बढ़ाने के लिए “स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर” अभियान के अंतर्गत 280 मीटर लंबे बैनर पर 15,500 से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर से विश्व रिकॉर्ड बना और कोरबा का नाम Golden Book of World Records में दर्ज हुआ।
महापौर के कार्यकाल की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि कोरबा की जीवनदायिनी हसदेव नदी को प्रदूषण से मुक्त करने की दिशा में उठाया गया कदम है। शहर में 33 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है, जिसमें 11 बड़े नालों का प्रदूषित पानी उपचारित किया जाएगा। शुद्ध जल का उपयोग NTPC द्वारा किया जाएगा।
पेयजल संकट से जूझ रही बस्तियों के लिए 20 एमएलडी क्षमता के नए जल उपचार संयंत्र को स्वीकृति दी गई है। इसके माध्यम से मोतीसागरपारा, इमलीडुग्गू, भिलाईखुर्द, दादरखुर्द, मानिकपुर, खरमोरा, बेलगिरी बस्ती, रूमगरा, कोहड़िया एवं प्रगतिनगर सहित लगभग 58 हजार आबादी को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत नगर निगम को प्रदेश में सर्वाधिक डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने का श्रेय मिला है। निर्धारित 3000 आवासों के लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए 4000 से अधिक आवासों के डीपीआर प्रस्तुत किए गए।
महापौर संजुदेवी राजपूत के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में चल रही शासन की नीतियों के अनुरूप कोरबा में बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, जल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर प्रगति दर्ज की गई है, जिससे शहर को एक बेहतर, स्वच्छ और सुविधायुक्त नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस आधार तैयार हुआ है।