कवर्धा में स्कूली वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 14 वाहनों पर चालान, 4 जब्त

कवर्धा जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 14 स्कूली वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई तथा 4 वाहनों को बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के जब्त किया गया। इस कार्रवाई में कुल 54,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

Jan 30, 2026 - 12:09
 0  10
कवर्धा में स्कूली वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 14 वाहनों पर चालान, 4 जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में संचालित स्कूल बसों एवं वैनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले कुल 14 स्कूली वाहनों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जिनसे 54,800 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

इसके अतिरिक्त बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाए गए 4 स्कूली वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। यह अभियान कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश पर चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित स्कूली वाहन सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है।

जिला परिवहन अधिकारी  मोहन साहू ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन स्कूल संचालकों और वाहन स्वामियों द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित वाहन स्वामियों और स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किए जाएंगे तथा नियमों का लगातार उल्लंघन पाए जाने पर वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।

परिवहन विभाग की टीम ने जांच के दौरान वाहनों में निर्धारित सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता का निरीक्षण किया। इसमें फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे (जहां आवश्यक हो), स्कूल का नाम एवं पहचान पट्टिका, निर्धारित रंग-कोड तथा प्रशिक्षित चालक और परिचालक की अनिवार्यता की जांच की गई।

जिला परिवहन अधिकारी ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे अपने विद्यालयों में संचालित वाहनों को नियमित रूप से फिटनेस जांच कराएं और बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए सभी आवश्यक मापदंडों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि जिले में किसी भी स्थिति में बच्चों की जान से खिलवाड़ न हो।

परिवहन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों में हड़कंप मचा है। वहीं अभिभावकों ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।