घोटवानी में ‘अजगर अलर्ट’! गांव बना सांपों का हॉटस्पॉट

धमधा के घोटवानी गांव में अजगरों की बढ़ती मौजूदगी से दहशत, एक ही दिन में दो अजगर रेस्क्यू। अब तक आठ अजगर मिलने से ग्रामीणों ने सतर्कता और वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग की।

Dec 4, 2025 - 11:24
 0  23
घोटवानी में ‘अजगर अलर्ट’! गांव बना सांपों का हॉटस्पॉट

 UNITED NEWS OF ASIA. हेमंत पाल, खैरागढ़ | धमधा क्षेत्र के ग्राम घोटवानी में इन दिनों अजगरों की बढ़ती एंट्री ने एक अनोखा रहस्य और दहशत दोनों पैदा कर दिए हैं। गांव में अब तक कुल आठ अजगर रेस्क्यू किए जा चुके हैं और बुधवार को तो एक ही दिन में दो अजगरों के मिलने से हड़कंप मच गया। पहला अजगर राजकुमार वर्मा के खेत में दिखाई दिया जिसे 112 की टीम और वन विभाग ने मिलकर पकड़ा। टीम वापसी की तैयारी कर ही रही थी कि बुधारू साहू के खलिहान से दूसरा अजगर निकल आया।

 इस दौरान स्थानीय निवासी वेदराज संतु वर्मा ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए अजगर को सुरक्षित काबू में कर वन विभाग को सौंप दिया। ग्रामीणों का मानना है कि हाल ही में आई बाढ़ के कारण जंगलों से अजगर बहकर गांवों की ओर आ रहे हैं और बाढ़ उतरने के बाद खेतों, खलिहानों और झाड़ियों में शरण ले रहे हैं।

 लगातार सांपों के मिलने से गांव में बच्चों व महिलाओं के बीच दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सलाह दी है कि बच्चे अकेले न निकलें, रात में खेतों की ओर न जाएं और पशुपालक विशेष सावधानी बरतें। ग्रामीणों ने वन विभाग से अस्थायी कैंप बनाने, निगरानी बढ़ाने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग भी की है। बढ़ती घटनाओं के चलते घोटवानी को अब जिले का ‘अजगर हॉटस्पॉट’ कहा जाने लगा है और गांव में एक ही चर्चा गूंज रही है—घोटवानी में आखिर इतने अजगर आ कहाँ से रहे हैं।